दोहा वार्ता का बेनतीजा अंत
कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के बीच दो दिनों तक चली तकनीकी स्तर की अप्रत्यक्ष बातचीत बिना किसी ठोस नतीजे के समाप्त हो गई है। इस बैठक में दोनों पक्षों के प्रतिनिधिमंडलों ने आमने-सामने बैठने के बजाय कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों के जरिए अलग-अलग कमरों से चर्चा को आगे बढ़ाया।
परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा टली
हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हो रही है, लेकिन जमीनी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि इस बैठक में परमाणु मुद्दे पर कोई बात नहीं हुई। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी संकेत दिया कि परमाणु चिंताओं पर चर्चा करने के लिए भविष्य में एक अलग दौर की बैठक बुलाई जाएगी।
होर्मुज जलडमरूमध्य और फ्रीज फंड पर मुख्य ध्यान
इस दौर की अमेरिका और ईरान के बीच दोहा वार्ता का मुख्य केंद्र बिंदु होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और ईरान की फ्रीज की गई छह अरब डॉलर की संपत्ति को जारी करना रहा। ईरानी उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने जोर देकर कहा कि इस धनराशि का उपयोग केवल आवश्यक मानवीय जरूरतों और जरूरी वस्तुओं की खरीद के लिए किया जाना चाहिए।
ईरान की अमेरिका को सख्त चेतावनी
ईरानी मीडिया और खातम अल अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर्स ने साफ किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा उनकी संप्रभुता का हिस्सा है और इसमें किसी भी बाहरी हस्तक्षेप का त्वरित और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। तेहरान ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उनकी अंगुलियां ट्रिगर पर हैं और क्षेत्र के सभी टैंकरों को उनके बताए मार्ग का ही पालन करना होगा।








